हुसैनाबाद में किसानों की महापंचायत 19 जून कोMahapanchayat of farmers in Hussainabad on 19th June
हुसैनाबाद में किसानों की महापंचायत 19 जून कोMahapanchayat of farmers in Hussainabad on 19th June
![]() |
हुसैनाबाद एसडीओ को ज्ञापन सौंपते संजय कर्नल वा अन्य |
किसान हित की लड़ाई जारी रहेगी: कर्नल संजय कुमार सिंह
हुसैनाबाद (पलामू): किसान ब्रिगेड के तत्वावधान में हुसैनाबाद विधानसभा सहित पूरे पलामू के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 19 जून को किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण जानकारी को किसान ब्रिगेड के संरक्षक कर्नल (डॉ.) संजय कुमार सिंह ने अनुमंडल पदाधिकारी पीयूष सिन्हा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा किया।
कर्नल संजय कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान, युवा, और महिलाएं आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित और शोषित महसूस कर रहे हैं। इन्हीं समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और समाधान के लिए किसान ब्रिगेड ने जपला अनुमंडल के कर्पूरी मैदान में हुसैनाबाद के सभी किसानों की महापंचायत करने का निर्णय लिया है।
महापंचायत के मुख्य मुद्दों में हाल के सर्वे ऑनलाइन में भूमि गड़बड़ी का रि-सर्वे, बिजली विभाग की मनमानी, सिंचाई की व्यवस्था, बालू की किल्लत, बेरोजगारी की समस्या, और शिक्षा आदि प्रमुखता से शामिल हैं। किसान ब्रिगेड द्वारा पूर्व में दिए गए धरना का नतीजा है कि राज्य सरकार ने भूमि संबंधी धारा 87 का कोर्ट डाल्टनगंज से जपला शिफ्ट कर दिया है। इसके अतिरिक्त, नीलगाय द्वारा फसल छति पूर्ति की राशि में बढ़ोतरी, मृत मजदूर के परिवारों को मुआवजा, और किसानों को सुखाड़ का मुआवजा जैसे कई महत्वपूर्ण लाभ हासिल हुए हैं।
कर्नल संजय ने कहा, "हम महात्मा गांधी, भगत सिंह, जगदेव प्रसाद, और लोहिया जी के विचारधारा पर चलते हुए सत्याग्रह के माध्यम से सरकार को हुसैनाबाद विधानसभा सहित पूरे पलामू के किसानों की समस्याओं को हल करवाने के लिए बाध्य करेंगे। किसान हित की लड़ाई जारी रहेगी।"
उन्होंने हुसैनाबाद प्रखंड के मजदूर, किसान, और नौजवानों से आग्रह किया है कि वे 19 जून 2024 को हुसैनाबाद अनुमंडल के कर्पूरी मैदान में पहुंचकर इस महापंचायत को सफल बनाएं।
इस मौके पर किसान ब्रिगेड के सह संयोजक भुनेश प्रसाद सिंह, पैक्स अध्यक्ष अयोध्या सिंह टिकैत, पंसस बद्रीनारायण सिंह, किसान ब्रिगेड सदस्य मृत्युंजय सिंह, अजय सिंह, सचिव पूर्व सैनिक सुधीर कुमार सिंह, पूर्व मुखिया राजीव कुमार सिंह उर्फ डबल सिंह, क्षेत्रीय किसान अजय सिंह, सत्यनारायण यादव, अमित सिंह और विजय प्रजापति उपस्थित थे।।
कोई टिप्पणी नहीं